उत्तरकाशी: केदारताल ट्रेक पर लापता 8 लोगों की तलाश छठे दिन भी जारी, बर्फ में दबा मिला टेंट और बैग

केदारताल ट्रेक लापता ट्रेकर्स तलाश: केदारताल ट्रेक पर लापता 8 लोगों की तलाश छठे दिन भी जारी है। बर्फबारी और शून्य दृश्यता के कारण सर्च अभियान स्थगित हुआ, जबकि रेस्क्यू टीमें हेलीकॉप्टर और पैदल खोज में जुटी हैं। बर्फ में दबा टेंट, कपड़े, चप्पलें और राशन सामग्री मिली है।

केदारताल ट्रेक पर लापता ट्रेकर्स की तलाश, Mausam Breaking (उत्तरकाशी, उत्तराखंड): उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले के केदारताल ट्रेक पर लापता एक स्थानीय गाइड समेत सात ट्रेकर्स की तलाश छठे दिन भी जारी है। उत्तर प्रदेश और पश्चिम बंगाल के इन आठ लोगों का पांच दिन बाद भी कोई पता नहीं चल पाया है।

इस बीच रेस्क्यू टीम को बर्फ के नीचे दबा एक टेंट और बैग मिला है। टेंट के अंदर से कपड़े, चप्पलें और राशन सामग्री भी बरामद हुई है।

हालांकि, आसपास के दो से तीन किलोमीटर के दायरे में तलाशी के बावजूद कोई ठोस सुराग नहीं मिला।

लगातार बर्फबारी, खराब मौसम और शून्य दृश्यता के कारण ट्रेकिंग एसोसिएशन ने अपना सर्च अभियान स्थगित कर दिया है, जबकि प्रशासन की टीमें तलाश में जुटी हुई हैं।

केदारताल क्षेत्र में लापता सात ट्रेकर्स और स्थानीय गाइड सिद्धार्थ राणा की तलाश में ट्रैकिंग एसोसिएशन की टीम को बर्फ के नीचे दबा एक टेंट मिला है। कच्ची ढांग क्षेत्र में एक बैग मिलने की भी सूचना है।

सोमवार को हेलीकॉप्टर की मदद से सर्च ऑपरेशन चलाया गया। एसडीआरएफ के छह और नेहरू पर्वतारोहण संस्थान (NIM) के चार जवानों समेत 10 सदस्यीय रेस्क्यू दल को केदारताल घाटी में उतारा गया।

इसके साथ गंगोत्री नेशनल पार्क और ट्रेकिंग एसोसिएशन की नौ सदस्यीय टीम ने पैदल भोजखड़क से केदारखड़क तक तलाशी अभियान चलाया। खराब मौसम के कारण सोमवार को अभियान रोकना पड़ा।

जानकारी के मुताबिक, 27 अक्टूबर को एक ट्रेकिंग एजेंसी का दल गंगोत्री से केदारताल ट्रेक के लिए रवाना हुआ था, जिसमें सात ट्रेकर्स और छह स्टाफ सदस्य शामिल थे। वापसी 29 अक्टूबर को निर्धारित थी, लेकिन इसी दौरान अचानक मौसम बदल गया और भारी बर्फबारी शुरू हो गई।

अगले दिन भेजे गए बचाव दल को रास्ते में एक कुक समेत चार सपोर्टिंग स्टाफ सुरक्षित मिले, जबकि बाकी आठ लोगों का पता नहीं चल सका।

शनिवार को पहली बार हेलीकॉप्टर से केदारताल घाटी का हवाई सर्वेक्षण किया गया, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। रविवार को भी हेलीकॉप्टर ने कई चक्कर लगाए, पर सुराग नहीं मिला।

जिलाधिकारी प्रशांत आर्य के निर्देश पर विभिन्न एजेंसियों की संयुक्त टीमें खोजबीन में जुटी हैं। एक टीम नीचे से ऊपर और दूसरी ऊपर से नीचे की ओर तलाशी कर रही है, हालांकि मौसम लगातार रेस्क्यू में बाधा बन रहा है।

Neha Singh

Neha Singh, Mausam Breaking में Senior Copy & SEO Editor हैं। वे articles की भाषा, headline clarity, search intent, internal linking और overall readability पर काम करती हैं। उनका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि मौसम से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी search engines के लिए technically clear होने के साथ-साथ पाठकों के लिए भी उपयोगी और स्वाभाविक बनी रहे।

Website

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

चक्रवात अलर्ट

मौसम श्रेणियाँ