अलवर-भिवाड़ी वायु प्रदूषण AQI, Mausam Breaking (अलवर, भिवाड़ी, राजस्थान): राजस्थान के औद्योगिक और सीमावर्ती क्षेत्रों में सर्दी के आगमन के साथ वायु प्रदूषण ने गंभीर रूप ले लिया है। अलवर और भिवाड़ी दोनों शहरों में हवा की गुणवत्ता चिंताजनक स्तर पर पहुंच गई है।
रविवार को अलवर का वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 330 रिकॉर्ड किया गया, जबकि भिवाड़ी में यह आंकड़ा 307 पर पहुंच गया। विशेषज्ञों के अनुसार, 300 से ऊपर का AQI ‘बहुत खराब’ (Very Poor) श्रेणी में आता है, जो स्वास्थ्य के लिए बेहद हानिकारक है।
अलवर शहर में सुबह से ही प्रदूषण का गहरा असर देखने को मिला। वातावरण में धूल और धुएं के कणों के जमने से घना स्मॉग छाया रहा।
स्थिति यह थी कि शहर से ऐतिहासिक बाला किला तक साफ दिखाई नहीं दे रहा था।
हालांकि, दोपहर में धूप खिलने से दृश्यता में थोड़ा सुधार हुआ और AQI में मामूली गिरावट आई, लेकिन सूरज ढलते ही और ठंडी हवाएं चलने पर शाम को प्रदूषण का स्तर फिर तेजी से बढ़ गया।
स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार यह जहरीली हवा खासतौर पर बुजुर्गों, बच्चों और दमा या सांस की बीमारी से पीड़ित लोगों के लिए गंभीर समस्या पैदा कर सकती है। डॉक्टरों ने सुबह के समय टहलने से बचने, बाहर निकलते समय फेस मास्क पहनने और आंखों में जलन होने पर ठंडे पानी से धोने की सलाह दी है।
मौसम की बात करें तो नवंबर की शुरुआत के साथ दिन में धूप और रात में ठंड का दोहरा मिजाज देखा जा रहा है। रविवार को अधिकतम तापमान 28.6 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार आने वाले दिनों में हल्के बादल छाए रह सकते हैं, लेकिन तापमान में बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। हवा की धीमी गति के कारण प्रदूषण और धुंध से तुरंत राहत मिलने के आसार कम हैं।














