चक्रवात अर्नब, मौसम ब्रेकिंग (बोकारो): बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ के संभावित प्रभाव को देखते हुए जिला प्रशासन ने एहतियाती तैयारियां शुरू कर दी हैं। डीसी अजय नाथ झा ने संबंधित विभागों को आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने का निर्देश दिया है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) की 28 अक्तूबर की चेतावनी के अनुसार, झारखंड में बुधवार को भारी बारिश के साथ गरज-चमक और वज्रपात की आशंका है। गुरुवार, 29 अक्तूबर को बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की गयी है।
जिला प्रशासन ने पुलिस विभाग को पर्याप्त सुरक्षा बल और वाहनों की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा है। स्वास्थ्य विभाग को जीवनरक्षक दवाओं, एंबुलेंस, चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों की उपलब्धता बनाये रखने का निर्देश दिया गया है, ताकि जरूरत पड़ने पर प्रभावित लोगों को तत्काल चिकित्सा सहायता मिल सके।
यह भी पढ़ें: चक्रवात अर्नब का असर: ओडिशा और आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों में भारी बारिश और तेज हवाएं
नगर निकायों को नालियों की सफाई कराने और आवश्यकता के अनुसार ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव करने को कहा गया है। वहीं, बोकारो स्टील प्लांट (बीएसएल) के सीजीएम, नगर सेवाएं को अपने क्षेत्र में जल निकासी व्यवस्था दुरुस्त रखने और जरूरी सफाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।
जिला नजारत शाखा को आपात स्थिति में आवश्यक वाहन और अन्य जरूरी सामग्री उपलब्ध रखने को कहा गया है। सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों (बीडीओ) को अपने-अपने क्षेत्रों का निरीक्षण करने, जरूरतमंद और प्रभावित लोगों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने तथा यातायात व्यवस्था सुचारु रखने का निर्देश दिया गया है।
प्रशासन की ओर से जलभराव और अन्य संभावित समस्याओं से निपटने के लिए संबंधित विभागों को सतर्क रहने को कहा गया है। बारिश के दौरान किसी क्षेत्र में स्थिति बिगड़ने पर त्वरित कार्रवाई के लिए संसाधनों की उपलब्धता महत्वपूर्ण होगी।
यह भी पढ़ें: यूपी में चक्रवाती तूफान अर्णब का असर: आंधी-बारिश और बिजली गिरने की चेतावनी
विद्युत विभाग को आवश्यक उपकरणों की मरम्मत कर बिजली आपूर्ति सुचारु रखने का निर्देश दिया गया है। पेयजल एवं स्वच्छता विभाग को निर्बाध पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने और क्षतिग्रस्त पेयजल संयंत्रों की मरम्मत कराने को कहा गया है।
यह भी पढ़ें: नागपुर समेत विदर्भ में चक्रवात का असर, दो दिन भारी बारिश की चेतावनी जारी
जिला आपूर्ति विभाग को खाद्य सामग्री और अन्य जरूरी वस्तुओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए तैयार रहने का निर्देश दिया गया है। मौसम की स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करने और आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई के लिए तैयार रहने को कहा है।









