नागपुर में चक्रवात का अलर्ट, मौसम ब्रेकिंग (नागपुर): बंगाल की खाड़ी में आए चक्रवात का असर विदर्भ क्षेत्र में साफ तौर पर देखने को मिल रहा है। मंगलवार को अधिकांश जिलों में बदराया मौसम रहने से तापमान में गिरावट दर्ज की गई।
मौसम विभाग के अनुसार आगामी दो दिनों तक विदर्भ के कुछ जिलों में मध्यम से भारी बारिश की संभावना है। विभाग ने 28 अक्टूबर को गड़चिरोली में कुछ स्थानों पर भारी बारिश की चेतावनी दी है।
इसी क्रम में 29 अक्टूबर को भंडारा, चंद्रपुर, गड़चिरोली और गोंदिया जिलों के लिए बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान विदर्भ के अधिकतर हिस्सों में तेज हवाएं चलने और बादल छाए रहने के आसार हैं।
मंगलवार को नागपुर में बदराया मौसम रहने के कारण अधिकतम तापमान 32.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो औसत से थोड़ा कम है। न्यूनतम तापमान 17.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
ओडिशा और आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों में संभावित चक्रवाती तूफान के खतरे को देखते हुए नागपुर के डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है।
जीएमआईएएल प्रशासन ने एयरसाइड सुरक्षा को लेकर कड़े एहतियाती निर्देश जारी किए हैं।
यह भी पढ़ें: चक्रवाती तूफान अर्नब के असर से भागलपुर में बदलेगा मौसम, कल हल्की-मध्यम वर्षा के आसार









