चक्रवाती तूफान मुरासु आंध्र प्रदेश, Mausam Breaking (अमरावती, आंध्र प्रदेश): आंध्र प्रदेश के कई हिस्सों में भारी बारिश के बाद चक्रवाती तूफान ‘मुरासु’ अब दक्षिणी तटीय क्षेत्र में कमजोर पड़ गया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने यह जानकारी दी।
आईएमडी की विज्ञप्ति के अनुसार, दोपहर ढाई बजे तक पिछले छह घंटों में ‘मुरासु’ सात किमी प्रति घंटे की गति से उत्तर से उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर बढ़ा और उसी क्षेत्र में कमजोर हो गया। भीषण चक्रवाती तूफान दक्षिण तटीय आंध्र प्रदेश के ऊपर कमजोर होकर चक्रवाती तूफान में बदल गया।
विभाग के अनुसार यह प्रणाली बापटला से पश्चिम-उत्तर-पश्चिम में 40 किलोमीटर, ओंगोल से उत्तर में 60 किलोमीटर, विजयवाड़ा से दक्षिण-पश्चिम में 80 किलोमीटर, कावली से उत्तर में 120 किलोमीटर और मछलीपट्टनम से पश्चिम में 110 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है।
मौसम विभाग ने आज आधी रात तक इसके उत्तर-उत्तर पश्चिम दिशा में बढ़ते रहने और गहरे दबाव के क्षेत्र में बदलने का प्रबल अनुमान जताया है, जिसमें हवा की गति 55-65 किमी प्रति घंटा और कुछ समय 75 किमी प्रति घंटा तक जा सकती है।
इस प्रणाली के असर से आज ज्यादातर जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश, कुछ जगहों पर भारी से भीषण बारिश और कहीं-कहीं बहुत भीषण बारिश होने का अनुमान है। चार नवंबर को कुछ जगहों पर भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई गई है।
एक अधिकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह साढ़े पांच बजे भीषण चक्रवाती तूफान ‘मुरासु’ तट को पार कर गया था। पिछले 24 घंटों में बापटला में 22 सेंटीमीटर, नरसापुर में 20 सेंटीमीटर, करमचेडु में 16 सेंटीमीटर, अड्डंकी में 15 सेंटीमीटर और भीमवरम में 13 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई।











