बेमौसम बारिश, मौसम ब्रेकिंग (बक्सर): जिले में बेमौसम चक्रवाती बारिश ने किसानों से लेकर आम शहरवासियों तक की परेशानी बढ़ा दी है. लगातार हो रही बारिश से एक ओर जहां खेतों में पानी भर गया है, वहीं दूसरी ओर नगर की मुख्य सड़कें काले कीचड़ से सन गई हैं.
बुधवार की रात से शुरू हुई बारिश शुक्रवार को भी तेज हवा के साथ जारी रही. इससे जनजीवन प्रभावित होने के साथ खरीफ फसल और रबी की खेती पर भी संकट गहराने लगा है.
बेमौसम बारिश के साथ करीब 15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही हवा ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है. अगेती धान की फसल पककर तैयार हो चुकी है, लेकिन तेज हवा और बारिश के कारण कई खेतों में धान की फसल गिर गई है.
यह भी पढ़ें: पहाड़ों पर बर्फबारी से बदला मौसम का मिजाज, IMD का 24 राज्यों में बारिश का अलर्ट
खेतों में पानी भरने के कारण किसानों के सामने खरीफ फसल को बचाने की चुनौती खड़ी हो गई है. वहीं, रबी फसल की बुवाई भी प्रभावित होने की आशंका है और धान की कटाई पिछड़ने से पूरा चक्र प्रभावित होगा.
कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक डॉ. देवकरण ने बताया कि बेमौसम बारिश से किसानों को दोहरी मार झेलनी पड़ सकती है.
खेतों में अत्यधिक नमी होने के कारण फिलहाल जुताई करना मुश्किल होगा और रबी फसलों की बुवाई पिछड़ जाएगी.
यह भी पढ़ें: हुसैनाबाद में लगातार बारिश और बिजली संकट से जनजीवन अस्त-व्यस्त
कृषि वैज्ञानिक ने किसानों को सलाह दी है कि बारिश थमने के बाद ही पकी हुई फसल की कटाई करें. कटी हुई फसल को खेतों में खुला नहीं छोड़ें, बल्कि खलिहान में ले जाकर त्रिपाल से ढककर रखें.
यह भी पढ़ें: चक्रवात अर्नब के कारण रांची में बारिश से कुम्हारों के दीये गीले
लगातार हो रही बारिश का असर जिले के तापमान पर भी पड़ा है और यह गिरकर 25 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया है. तापमान में और गिरावट आने के साथ इसके 22 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना जताई जा रही है.
बेमौसम बारिश ने नगर परिषद की सफाई व्यवस्था की भी पोल खोल दी है, जहां सफाई पर भारी-भरकम राशि खर्च होने के बावजूद सड़कों पर कीचड़ फैल गया है. नगर परिषद हर महीने सफाई व्यवस्था पर करीब 1 करोड़ 16 लाख रुपये खर्च कर रही है और पिछले चार वर्षों में सड़कों पर डेढ़ सौ करोड़ रुपये से अधिक खर्च हुए हैं.







