दिल्ली में बारिश, मौसम ब्रेकिंग (नयी दिल्ली): दिल्ली में रातभर हुई बारिश के बाद शुक्रवार सुबह काले बादल छाए रहे और धुंध रही, जिससे मौसम ठंडा हो गया। राजधानी में चार साल में अक्टूबर का सबसे अधिक बारिश वाला दिन दर्ज किया गया, जबकि 2022 के बाद इस महीने में सबसे अधिक बारिश हुई।
मौसम में आए बदलाव से शहर की वायु गुणवत्ता सूचकांक संतोषजनक श्रेणी में पहुंच गई है। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने अगले कुछ घंटों के लिए रेड अलर्ट जारी करते हुए राजधानी के कई हिस्सों में और बारिश तथा गरज के साथ तूफान आने की चेतावनी दी है।
मौसम संबंधी आंकड़ों के अनुसार, शुक्रवार सुबह 8.30 बजे तक पिछले 24 घंटों में शहर में 61.4 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, जबकि इस महीने अब तक कुल 123.3 मिलीमीटर बारिश हो चुकी है। दिल्ली में इससे पहले अक्टूबर के किसी एक दिन सबसे अधिक बारिश नौ अक्टूबर 2022 को दर्ज की गई थी, जब 74 मिलीमीटर बारिश हुई थी।
यह भी पढ़ें: पहाड़ों पर बर्फबारी से बदला मौसम का मिजाज, IMD का 24 राज्यों में बारिश का अलर्ट
आईएमडी ने बताया कि अगले तीन घंटों के दौरान अधिकांश स्थानों पर गरज और बिजली चमकने के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है, जबकि कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। मौसम विभाग का रेड अलर्ट दिल्ली के दक्षिण-पूर्वी, पूर्वी, शाहदरा, मध्य, उत्तर-पूर्वी, दक्षिणी, नयी दिल्ली, दक्षिण-पश्चिमी, पश्चिमी, उत्तर-पश्चिमी और उत्तरी हिस्सों के लिए जारी किया गया था।
मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली के प्रमुख मौसम केंद्र सफदरजंग में न्यूनतम तापमान 17.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.1 डिग्री अधिक है। केंद्रवार आंकड़ों के अनुसार, पालम में न्यूनतम तापमान 15.4 डिग्री सेल्सियस और लोधी रोड में 18 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
बृहस्पतिवार सुबह 8.30 बजे से शुक्रवार सुबह छह बजे के बीच केंद्रवार बारिश के आंकड़ों के अनुसार, झरोदा कलां में सबसे अधिक 89 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। इसके बाद लोधी रोड में 63 मिलीमीटर और सफदरजंग में 56.5 मिलीमीटर बारिश हुई।
यह भी पढ़ें: हुसैनाबाद में लगातार बारिश और बिजली संकट से जनजीवन अस्त-व्यस्त
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार, सुबह 9.30 बजे दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक 90 दर्ज किया गया, जो संतोषजनक श्रेणी में आता है। शहर के 36 निगरानी केंद्रों में वायु गुणवत्ता संतोषजनक श्रेणी में दर्ज की गई, जबकि 16 केंद्रों में यह मध्यम श्रेणी में रही।
यह भी पढ़ें: चक्रवात अर्नब के कारण रांची में बारिश से कुम्हारों के दीये गीले







