छत्तीसगढ़ मौसम अपडेट, Mausam Breaking: छत्तीसगढ़ में चक्रवाती तूफान ‘मुरासु’ का असर लगातार देखने को मिल रहा है। मौसम में आए बदलाव के बीच प्रदेश के 8 जिलों में बारिश और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है।
मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
मौसम विभाग के मुताबिक धमतरी, गरियाबंद, बस्तर, कोंडागांव, नारायणपुर, बीजापुर, दंतेवाड़ा और सुकमा में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। दक्षिणी छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश भी हो सकती है।
दरअसल, पूर्वी तेलंगाना और उससे लगे तटीय आंध्र प्रदेश के ऊपर बने कम दबाव के क्षेत्र को चक्रवाती तूफान ‘मुरासु’ का बचा हुआ हिस्सा बताया जा रहा है। इसके उत्तर दिशा में आगे बढ़ने और अगले 12 घंटे में कमजोर होने की संभावना जताई गई है।
इसके प्रभाव से छत्तीसगढ़ में बारिश की गतिविधियां बनी हुई हैं।
मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटे में प्रदेश के न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है। इससे रात और सुबह के समय ठंड बढ़ने के आसार हैं।
मौसम में बदलाव को देखते हुए लोगों को गरज-चमक के दौरान खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने की सलाह दी गई है।









