चक्रवाती तूफान मुरासु भारी बारिश अलर्ट, Mausam Breaking (आंध्र प्रदेश): चक्रवाती तूफान मुरासु ने आंध्र प्रदेश के तट पर दस्तक देने के बाद कई इलाकों में मौसम बिगाड़ दिया है। इसके असर से आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और ओडिशा समेत कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
यह चक्रवाती तूफान मंगलवार सुबह दक्षिण आंध्र प्रदेश के तट से टकराया। मौसम विभाग के मुताबिक, सुबह 3:30 से 5:30 बजे के बीच इसने ओंगोल के पास तट पार किया।
उस समय तूफान की रफ्तार 100 से 110 किलोमीटर प्रति घंटा थी, जबकि तेज झोंकों के साथ हवा की गति 120 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच रही थी।
मुरासु के असर से 3 नवंबर को तटीय आंध्र प्रदेश, यनम और तेलंगाना के कुछ इलाकों में अत्यधिक भारी बारिश हो सकती है। 4 नवंबर को तटीय आंध्र प्रदेश और यनम में बहुत भारी बारिश का अनुमान है।
रायलसीमा और दक्षिण ओडिशा में मंगलवार को भारी बारिश की संभावना है।
दक्षिण छत्तीसगढ़ में 3 और 4 नवंबर को भारी बारिश की आशंका जताई गई है, जबकि 4 और 5 नवंबर को छत्तीसगढ़ के कई इलाकों में बारिश हो सकती है। ओडिशा में 3 और 4 नवंबर को बारिश के साथ तेज हवाओं और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है।
तटीय आंध्र प्रदेश में 3 नवंबर को तेज हवाएं चल सकती हैं। कुछ इलाकों में हवा की रफ्तार 95 से 105 किलोमीटर प्रति घंटा और झोंकों के साथ 115 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंचने का अनुमान है।
इसी को देखते हुए मछुआरों को 4 नवंबर की सुबह तक समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है।









