कल का मौसम 7 नवंबर, Mausam Breaking: 7 नवंबर को कुल 10 राज्यों और 3 केंद्रशासित प्रदेशों में बारिश की संभावना है। इनमें अंडमान-निकोबार द्वीपसमूह, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, ओडिशा, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, तमिलनाडु, कर्नाटक, केरल, पुडुचेरी और लक्षद्वीप शामिल हैं।
तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में गरज-चमक के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलेंगी। झोंकों की रफ्तार 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की आशंका है।
केरल और माहे में भी तेज हवाओं का असर रह सकता है। वहीं, उत्तर भारत के ज्यादातर राज्यों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है।
उत्तर प्रदेश में 7 नवंबर को मौसम साफ रहने का अनुमान है। मौसम विभाग ने पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश, दोनों क्षेत्रों में बारिश की कोई संभावना नहीं जताई है।
राज्य के किसी हिस्से के लिए गरज-चमक, आंधी या तेज हवाओं का विशेष अलर्ट भी जारी नहीं किया गया है। सुबह और रात के समय हल्की ठंड महसूस हो सकती है, जबकि दिन में धूप निकलने से मौसम सामान्य बना रहेगा।
बिहार में शनिवार को बारिश की संभावना नहीं है। मौसम विभाग ने राज्य के सभी इलाकों में मौसम शुष्क रहने का संकेत दिया है।
आईएमडी के मुताबिक, 10 नवंबर को बिहार के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इसके अलावा 9 से 11 नवंबर के बीच झारखंड और पश्चिम बंगाल के कुछ इलाकों में भी बारिश का अनुमान है।
दिल्ली में 7 नवंबर को आसमान मुख्य रूप से साफ रहेगा, लेकिन सुबह के समय कई जगहों पर हल्का कोहरा या धुंध छाई रह सकती है। अधिकतम तापमान 27 से 29 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 15 से 17 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।
हवा सुबह उत्तर-पश्चिम दिशा से 12 किलोमीटर प्रति घंटे तक और दोपहर में 15 किलोमीटर प्रति घंटे तक चल सकती है।
राजस्थान में शनिवार को मौसम शुष्क रहने का अनुमान है और इस दिन गरज-चमक, आंधी या तेज हवाओं को लेकर कोई विशेष चेतावनी नहीं है। दिन में मौसम सामान्य रहने की उम्मीद है, जबकि रात के तापमान में गिरावट के साथ ठंड का असर महसूस हो सकता है।
हिमाचल प्रदेश में 7 नवंबर को बारिश का कोई अलर्ट नहीं है और 7 से 9 नवंबर तक मौसम मुख्य रूप से शुष्क रह सकता है। 10 से 12 नवंबर के बीच कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है, और 12 नवंबर को कुछ हिस्सों में गरज-चमक की आशंका जताई गई है।
जम्मू-कश्मीर में शनिवार को मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। हालांकि, 10 नवंबर से पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से मौसम बदल सकता है।
10 से 12 नवंबर के बीच गरज-चमक के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, और 11 व 12 नवंबर को कई जगह बारिश या बर्फबारी की संभावना है।

