Hajipur News, मौसम ब्रेकिंग (हाजीपुर): जिले में 29 से 31 अक्टूबर के बीच मौसम में भारी बदलाव होने जा रहा है। बंगाल की खाड़ी से उठे अर्नब तूफान की वजह से किसानों की चिंता बढ़ गई है और खेतों में लहलहाती धान की फसल पर संकट के बादल मंडरा रहे हैं।
ग्रामीण कृषि मौसम सेवा, डॉ. राजेन्द्र प्रसाद केन्द्रीय कृषि विश्वविद्यालय पूसा के पूर्वानुमान के अनुसार साइक्लोन अर्नब के सक्रिय प्रभाव से उत्तर बिहार के अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा हो सकती है।
इस दौरान आसमान में मध्यम से घने बादल छाए रहने के साथ तेज हवाएं चलेंगी।
यह भी पढ़ें: चक्रवाती तूफान और बारिश की आशंका से गढ़वा के किसानों की उड़ी नींद
30-31 अक्टूबर के दौरान समस्तीपुर, सिवान, मुजफ्फरपुर, मधुबनी, सीतामढ़ी, वैशाली, गोपालगंज तथा पूर्वी एवं पश्चिमी चंपारण जिलों के कई स्थानों पर मध्यम से भारी वर्षा की संभावना है। इस अवधि में अधिकतम तापमान 29-35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 16-22 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है।
प्रतिकूल मौसम को देखते हुए कृषि विभाग ने किसानों को सलाह दी है कि वे कटे हुए धान और खरीफ मक्का को सुरक्षित स्थान पर रखें। डॉ.
ए. सत्तार ने बताया कि किसान धान की कटाई फिलहाल रोक दें और खेतों से जल निकास की उचित व्यवस्था सुनिश्चित करें।
यह भी पढ़ें: पलामू में मडुआ की खेती से बदल रही तस्वीर, 400 से अधिक महिलाएं जुड़ीं
चेहराकलां क्षेत्र के किसान चेतावनी के बाद अपनी फसल बचाने के लिए युद्ध स्तर पर जुट गए हैं। खेतों में ही धान की दौनी शुरू कर दी गई है ताकि तेज हवा और बारिश से पहले फसल को सुरक्षित ठिकानों पर पहुंचाया जा सके।









